पीलीभीत के पूरनपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने शेरपुरकलां गांव में बंधक बनाकर लूटपाट की। इस दौरान बदमाश बक्से में रखी 24 हजार रुपये की नकदी व सोने-चांदी के जेवरात लूट ले गए। सोमवार को एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस टीम और पुलिस को लगाया गया है।
गांव शेरपुरकलां में ईदगाह मैदान के समीप रहने वाले कय्यूम की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में कय्यूम की पत्नी कनीज, पुत्र इमरान, रिजवान, अकरम, पुत्री चमन, अंजुम, गुलशन, तबस्सुम और अकरम का पुत्र अजमल है। रविवार रात चमन, तबस्सुम और अजमल घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में सो रहे थे। अन्य परिजन घर के निचले हिस्से में सोए थे।
भतीजे के सीने पर रखा तमंचा
चमन ने बताया कि रात करीब दो बजे छत पर आए बदमाशों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलते ही दो बदमाश कमरे में घुस आए। एक ने उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया। शोर न करने की धमकी दी। एक बदमाश उसके पास खड़ा रहा। कमरे में सो रहे उसके भतीजे अकमल के सीने पर तमंचा तान दिया।
दूसरे ने बक्से का ताला तोड़कर 24 हजार रुपये, दो सोने की अंगूठी, झुमकी, चांदी की पायल, नाक का फूल लूट लिया। बाद में बदमाशों ने उसके मुंह में बांधा कपड़ा खोल दिया और धक्का देकर भाग गए। नीचे आकर परिजन को घटना की जानकारी दी। शोर-शराबा पर पड़ोसी एकत्र हुए। बाद में भाई के साथ घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी।