बरखेड़ा। गन्ना बेचकर ट्रैक्टर-ट्राॅली से घर लौट रहे किसान को बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने घेर लिया। धमकाकर किसान से 30 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। घटना का पता चला तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। एसओजी की टीम भी बदमाशों का सुराग लगा रही है।
थाना बीसलपुर के ग्राम चोसरा निवासी किसान मोहित ने बताया कि रविवार को वह नोवल चीनी मिल बरखेड़ा में गन्ना बेचने आए थे। देर रात करीब नौ बजे वह ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर घर जा रहे थे। उसके पास बेचे गए गन्ने के 30 हजार रुपये और मोबाइल था। पीलीभीत- बीसलपुर मार्ग पर नवादा महेश गांव के निकट पहुंचते ही दो बाइक से आए चार नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया। एक बदमाश ने ट्रैक्टर पर चढ़कर उसे पकड़ लिया, जबकि अन्य ने उसके पास से 30 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। घटना के बाद बदमाश मौके से भाग गए।
इस दौरान मार्ग से गुजर रहे एक प्रशासनिक अफसर के वाहन को रोका और घटना बताकर मदद मांगी। अफसर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से जानकारी जुटाने के साथ मामले में छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली और छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। साथ ही अफसरों ने खुलासे के लिए एसओजी टीम को भी लगाया गया। सोमवार को एसओजी की टीम भी क्षेत्र में सक्रिय रही। थाना प्रभारी मुकेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं। हर बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है।