जहानाबाद। कार सवार बदमाशों ने गांव कनाकोर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक श्यामबिहारी लाल से 23 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की बदमाशों की तलाश शुरू की है।
श्याम बिहारी लाल ने बताया कि वह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। सोमवार की दोपहर खमरिया पुल की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से 20 हजार रुपये निकाले थे। तीन हजार रुपये जन सेवा केंद्र से निकाले। उन्होंने कुछ रुपये अपनी जेब और कुछ थैले में रख लिए थे। खमरिया पुल से पीलीभीत के लिए टेंपो पकड़ने जा रहे थे। तभी एक सफेद रंग की कार आकर रुकी और चालक ने कहा कि आप कहां जा रहे हैं। आपने अमरिया में मेरे साथ पढ़ाया है, आओ आपको पीलीभीत छोड़ देता हूं, यह कहकर उन्हें कार में बैठा लिया। कुछ दूर चलने के बाद तीन अन्य लोग कार में बैठ गए। चालक ने कार को जतीपुर नर्सरी के आगे शिवपुरिया की तरफ जाने वाले रास्ते पर मोड़ दिया। नहर की पुलिया के पास जाकर उसे धक्का दिया और 23 हजार रुपये और मोबाइल लूटकर भाग गए। थोड़ी दूर जाने के बाद मोबाइल भी फेंक दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।