बरखेड़ा। 14 मार्च को बेटी की होने वाली शादी के लिए सामान खरीदने बरेली जा रहे ग्रामीण की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक सवार उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
गांव अरसिया बोझ निवासी कोमिल प्रसाद (48) की बेटी शीतल की शादी है। शादी के लिए सामान खरीदने को वह अपने साले गांव भोपतपुर के मनोज को साथ लेकर मंगलवार को दोपहर बाइक से बरेली जा रहे थे। बरखेड़ा-नवाबगंज मार्ग पर गांव बरखन के पास बाइक चला रहे कोमिल प्रसाद ने आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
ओवरटेक करने के दौरान नवाबगंज की तरफ से ट्रक सामने आ गया। इससे बाइक सवार दोनों वाहनों के बीच में ही फंस गए। वाहनों की टक्कर लगने से साले-बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एबुलेंस से दोनों घायलों को सीएचसी लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देकर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में परीक्षण के बाद डॉक्टर ने कोमिल प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल मनोज की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर, कोमिल प्रसाद की मौत हो जाने की सूचना से परिवार पहुंचते ही शादी की खुशी मातम में बदल गई। क्योलड़िया के थाना प्रभारी वेद सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।