फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: राज्यमंत्री ने किया हाईटेक नर्सरी का उद्घाटन, बागवानी फसलों को बढ़ावा देने पर दिया जोर

Sat, 25 Jul 2026 05:12 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

पीलीभीत में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने शनिवार को मंडी समिति और उद्यान विभाग की करीब 15 करोड़ रुपये लागत की 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने किसानों से परंपरागत खेती के साथ बागवानी फसलें अपनाने का आह्वान किया। मंत्री ने अधिकारियों को मंडी सड़कों की बदहाली दूर करने और कचरे से खाद बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीलीभीत की कृषि उपज का निर्यात मजबूत करने पर जोर दिया। 
विज्ञापन
कार्यक्रम को संबोधित करते राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने शनिवार को पीलीभीत दौरे के दौरान मंडी समिति और उद्यान विभाग की करीब 15 करोड़ रुपये लागत की 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी समिति की कोई भी सड़क बदहाल न रहे। साथ ही मंडियों से निकलने वाले कचरे से पीपी मॉडल पर खाद बनाने की दिशा में भी कार्य करने के निर्देश दिए।

विज्ञापन


राज्यमंत्री ने गांधी सभागार में मंडी समिति के अधिकारियों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि मंडियों में निराश्रित गोवंश नहीं घूमने चाहिए। जहां जरूरत हो वहां मरम्मत और निर्माण कार्य तत्काल कराए जाएं। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

किसानों से किया ये आह्वान 
बैठक के बाद मंडी समिति परिसर में उद्यान विभाग की हाईटेक नर्सरी समेत 27 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और पर्यावरण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने किसानों से परंपरागत खेती के साथ मसाले, फूल, औषधीय फसलें, ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी जैसी बागवानी फसलों की खेती अपनाने का आह्वान किया। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि पीलीभीत की कृषि उपज को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए निर्यात व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। जेवर एयरपोर्ट कृषि उत्पादों के निर्यात में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके साथ ही पीलीभीत में एक्सपोर्ट प्रमोशन सेंटर स्थापित करने का भी प्रयास किया जाएगा।

छतों पर सब्जियां उगाने की अपील 
उन्होंने शहर के लोगों से भी छत और बालकनी में सब्जियां उगाने की अपील की और कहा कि उद्यान विभाग तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएगा। उन्होंने ड्रिप सिंचाई, पॉलीहाउस समेत विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

किसानों को निशुल्क बीज 
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि हाईटेक नर्सरी में किसान किसी भी मौसम में बीज देकर गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करा सकते हैं। उद्यान विभाग की ओर से उद्यान रोपण, सब्जी बीज, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन और कृषि मशीनीकरण जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मशरूम उत्पादन पर अनुदान दिया जा रहा है और किसान इसे घर पर शुरू कर अच्छी आय अर्जित कर सकते हैं। ड्रैगन फ्रूट और स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए भी अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि किसानों को निःशुल्क सब्जी बीज भी वितरित किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने किसानों को बागवानी आधारित खेती के लाभ बताते हुए कम लागत में अधिक आय देने वाली फसलों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जिले में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जा रहा है।
विज्ञापन

जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता रहे मौजूद 
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें