पीलीभीत। थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में अवैध खनन पर कार्रवाई करने पहुंचे जिला खनन अधिकारी को आरोपियों ने रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी देकर गाली-गलौज की। सरकारी अभिलेख छीनकर फाड़ने का आरोप भी लगा है। खनन अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
जिला खनन अधिकारी सुभाष सिंह ने थाना सुनगढ़ी में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि सोमवार को उन्हें ग्राम भिलईखेड़ा में अवैध खनन की सूचना मिली थी। उन्होंने अपनी टीम के साथ छापा मारा। मिट्टी भरी दो ट्रैक्टर-ट्राॅलियां और एक जेसीबी मशीन को पकड़ लिया गया। आठ से 10 ट्रैक्टर-ट्राॅलियां और एक अन्य जेसीबी को चालक लेकर भाग गए। खनन विभाग की टीम पकड़ी गईं ट्रैक्टर-ट्राॅली को थाना सुनगढ़ी लेकर आ रहीं थीं। इसी दौरान रास्ते में एक चार पहिया वाहन में सवार होकर दो युवक पहुंचे और आगे गाड़ी लगाकर सरकारी वाहन को रोक लिया।
आरोप है कि वाहन से उतरकर बीसलपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बिहारीपुर निवासी अरविंद गंगवार ने अपने एक साथी के साथ खनन अधिकारी से गाली-गलौज शुरू कर दी। खनन अधिकारी के अनुसार आरोपियों ने जबरदस्ती उनसे सुपुर्दगीनामा छीन लिया और उसे फाड़ दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। खनन अधिकारी ने पुलिस को यह भी बताया कि नामजद आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश तेज की गई है। जल्द ही धरपकड़ की जाएगी।