पीलीभीत। अग्निशमन विभाग की टीम ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचकर स्वास्थ्य कर्मियों को आग से बचाव के उपाय बताए। उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया। अस्पताल में लगे संसाधनों को भी जांचा गया।
शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर ने झांसी की घटना को लेकर मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण किया था। निरीक्षण के समय अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी अग्निशमन यंत्र तक नहीं चला सके थे। इसे देखते हुए सीएमएस ने अग्निशमन विभाग को पत्र भेजकर स्टॉफ को प्रशिक्षण देने की बात कही थी।
इसके बाद सोमवार को अग्निशमन विभाग के दरोगा आबिद अली खान अपनी टीम के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात सभी लोगों को पार्क में एकत्र कर उन्हें आग बुझाने का डेमो दिखाया और कर्मचारियों को फायर सिलिंडर चलाने के तौर तरीके बताए। यह भी बताया कि आग अधिक होने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दें।