आग से टेंट हाउस का काफी सामान जला
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत महोफ कॉलोनी के संजय नगर में शनिवार देर रात मधुसूदन टेंट हाउस के स्टोर में संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। आग में 50 कुर्सियां, 60 गद्दे, 40 सीलिंग कपड़े, करीब 50 पर्दे और 35 दरी समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। संचालक ने अज्ञात व्यक्ति पर स्टोर में आग लगाने का आरोप लगाते हुए थाना न्यूरिया में तहरीर दी है।
टेंट हाउस संचालक मनी मोहन मिस्त्री के अनुसार, शनिवार रात करीब दो बजे के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्टोर में आग लगा दी। रविवार सुबह करीब चार बजे वह उठे तो घर से कुछ दूरी पर स्थित स्टोर से धुआं उठता दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल पीआरवी-112 को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
तीन लाख रुपये का नुकसान
संचालक ने बताया कि आग से टेंट का अधिकांश सामान जल गया। उन्होंने करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। तहरीर में आग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई और नुकसान की भरपाई कराने की मांग की गई है।
सूचना पर उपनिरीक्षक ब्रह्मानंद ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आग लगने का वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद स्पष्ट होगा। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।