पीलीभीत। आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को बेहतर व मानकों के अनुरूप इलाज उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों की व्यवस्थाओं व उपचार की गुणवत्ता की निगरानी बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) की टीम ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर आयुष्मान योजना से संबद्ध निजी अस्पतालों के संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में अस्पतालों को एनएबीएच के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित करने व मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एनएबीएच के उपप्रबंधक डॉ. पंकज त्रिपाठी ने अस्पताल संचालकों को एनएबीएच से जुड़ने की प्रक्रिया और इसके फायदों की जानकारी दी। बैठक में आयुष्मान योजना के तहत इलाज करने वाले अस्पतालों को मरीजों के उपचार में गुणवत्ता सुधार पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इस दौरान डॉ. अटल मणि, डॉ. नीरज गुप्ता सहित अन्य चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित रहे। संवाद