कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदपुरा में रविवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने वर पक्ष के चार लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चुर्रासकतपुर निवासी सुंदर लाल ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री सोनी का विवाह साढ़े तीन वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के ही गांव चंदपुरा निवासी वीरपाल से किया था। आरोप है कि विवाह में एक बाइक और एक लाख की नगदी न मिलने से क्षुब्ध होकर वर पक्ष के लोग सोनी का दहेज उत्पीड़न करने लगे। सोनी के दो पुत्रियां भी हैं।
रविवार की रात सोनी की अपनी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलने पर सोमवार को सुबह उसके मायके वाले चंदपुरा पहुंचे। पिता सुंदर लाल ने कोतवाली में दहेज हत्या की तहरीर दी है। जिसमें कहा है कि वर पक्ष ने जहर देकर 25 वर्षीया सोनी की हत्या कर दी है। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि सुंदर लाल की तहरीर पर सोनी के पति वीरपाल, ससुर लाखन लाल, सास माया देवी और ननद सरोज को के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने नामजद आरोपियों में से वीरपाल, लाखन लाल और माया देवी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ सुवेग सिंह सिद्धू ने भी मौका मुआयना कर लिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए वीरपाल ने बताया कि उनकी पत्नी सोनी और उनकी मां का रविवार की रात घरेलू काम करने के मुद्दे पर कहासुनी हो गई थी, जिससे क्षुब्ध होकर सोनी ने स्वयं जहर खाकर आत्महत्या कर ली है।
---