शहर के रामा कॉलेज रोड पर इमरती तैयार करते हलवाई। संवाद
पीलीभीत। करवाचौथ का निर्जल व्रत पूरा करने के लिए सुहागिन सरगी में इमरती व जलेबी खाती हैं। इसी को लेकर बुधवार को शहर के बाजार में जगह-जगह इमरती व जलेबी के स्टॉल लगाकर जलेबी व इमरती का मिष्ठान कारोबारियों ने जमकर कारोबार किया। दोपहर से शाम तक शहर में कई स्थानों पर लगभग दो क्विंटल इमरती जलेबी की बिक्री हो गई, बाजार में कई स्थानों पर इमरती-जलेबी की बिक्री से पूरा बाजार ही महक उठा। शाम को शहर में मिष्ठान कारोबारियों के यहां जमकर भीड़ हुई।
करवाचौथ से रात्रि संध्या पर सुहागिन इमरती व जलेबी का सेवन करती हैं। इससे उनको करवाचौथ पर पूरे दिन निर्जल व्रत रखने में ऊर्जा मिलती है व दिनभर भूख भी नही लगती है। त्योहार पर यह परंपरा मायके की ओर से पूरी की जाती है, जबकि पति भी इस परंपरा को पूरा करते हैं। बुधवार शाम को शहर में भी इमरती व जलेबी की बिक्री को लेकर शहर में दिन से ही जगह-जगह स्टॉल लगना शुरू हो गए, व शाम होते ही बाजार पूरी तरह से इमरती व जलेबी की खुशबू से महक उठा। शहर के मिष्ठान कारोबारी सुमित ने बताया कि इमरती व जलेबी को लेकर शहर में लगभग दो क्विंटल का कारोबार हुआ है, इससे एक दिवस में भी कारोबारियों को मुनाफा पहुंचा है।