पति की दीर्घायु की कामना को महिलाएं बुधवार को करवाचौथ का त्योहार मनाएंगी। पति के प्रति अमूल्य समर्पण की भावना को समाहित करते हुए महिलाएं पूरे दिन बिना अन्न और पानी के व्रत रखेंगी। इसको लेकर तैयारियां भी तेजी से शुरू हो गई हैं। पर्व को लेकर बाजार में खरीदारों की तादाद भी बढ़ने लगी है।
करवा चौथ पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। चूड़ी मार्केट, ब्यूटी पार्लर, कॉस्मेटिक्स शॉप पर भीड़ जुटना शुरू हो चुकी है। सोमवार को शहर के चूड़ी मार्केट में सबसे ज्यादा भीड़ दिखी। ब्यूटी पार्लरों पर भी मेहंदी लगवाने वालों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। वहीं साड़ी शो रूम व बुटीक आदि पर महिलाओं का तांता लगा देखा गया। कारोबारियों के मुताबिक इस बार करवाचौथ पर मार्केट की स्थिति पहले से बेहतर होने की उम्मीद है। महिलाएं इस पर्व पर खासा खर्च कर रही हैं।
बाजार में उतरे सुहाग सामग्री के रेडीमेड पैक
करवाचौथ पर्व पर महिलाएं परपंरागत आभूषणों का प्रयोग करती हैं। सुहाग सामग्री का भी खासा महत्व होता है। कई कंपनियों ने ब्रांडेड सुहाग सामग्री के रेडीमेड पैक की बड़ी रेंज को उतारा है। इसमें नेल पॉलिश, लिपस्टिक, सिंदूर, फेस पावडर, आई लाइनर, मेहंदी आदि उपलब्ध होती है।
बांधनी व जोधपुरी साड़ी की बढ़ी डिमांड
करवा चौथ पर्व पर महिलाएं नए वस्त्र धारण कर पूजा अर्चना करती है। ऐसे में साड़ियों की डिमांड बढ़ना लाजिमी है। कई कंपनियों ने पर्व को कैश करने के लिए ब्रांडेड साड़ियों की रेंज उतारी है। इस बार बांधनी व जोधपुरी साड़ी की सबसे ज्यादा डिमांड हैं।
फिरोजाबादी व कोलकाता चूड़ी बनी पहली पसंद
अन्य उत्पादों की तरह चूड़ी मार्केट में भी करवा चौथ के लिए बहुत कुछ खास उतारा गया है। इसमें इस बार फिरोजाबादी चूड़ी की खासी डिमांड है। बेहद कम दाम वाली यह चूडिय़ां कई कलर में उपलब्ध हैं। इसके अलावा नगयुक्त कोलकाता की चूडिय़ां भी खासी पसंद की जा रही है।
यह है रेंज
- बांधनी साड़ी 800 से 7000 रुपए तक
- जोधपुरी साड़ी 1000 से 7000 रुपए तक
- सुहाग सामग्री पैक 200 से 2400 रुपये तक
- फिरोबादी चूडिय़ा 80 से 350 रुपये तक
- कोलकाता ब्रांड चूड़ी 100 रुपये 450 रुपये तक