केंद्रीय बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री मेनका गांधी द्वारा संसद में आंगनबाड़ी वर्कर को नियमित न करने के संबंध में दिए गए बयान की कार्यकत्रियों ने कड़ी निंदा की है। शुक्रवार को उन्होंने नेहरू पार्क में बैठक कर इस पर विरोध जताया और 16 मई को एक दिवसीय धरना देने का निर्णय लिया।
आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के तत्वावधान में जिले भर की कार्यकत्री शुक्रवार को नेहरू पार्क में एकत्र हुईं। कार्यकत्रियों ने कहा कि वे काफी समय से नियमितीकरण की मांग कर रही हैं, लेकिन केंद्रीय मंत्री ने संसद में उन्हें नियमित न करने एवं मानदेय न बढ़ाने का बयान देकर उनके साथ धोखा किया है। कार्यकत्रियों ने कहा कि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में कार्यकत्री एवं सहायिका धुरी हैं, लेकिन उनकी उपेक्षा की जा रही है। बैठक में निर्णय गया कि यदि उन्हें नियमित करने की मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगी। इसके विरोध में 16 मई को नेहरू पार्क में एक दिवसीय धरना दिया जाएगा और 18 को लखनऊ में आंदोलन होगा। बैठक में इसके अलावा मरौरी की परियोजना अधिकारी पर आरोप लगाया कि वह कार्यकत्रियों पर साड़ियां उनके माध्यम से खरीदने का दबाव बना रही हैं। कार्यकत्रियों ने इसका भी विरोध किया। अंत में रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष हरीश कुमार को संघ का भी जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। बैठक में निर्मल कौर, शुकंतला, गायत्री, धनदेवी, रामश्री, हीरकली, विद्यावती, महारानी, नीता, मीनू, सीमा गुप्ता, सुनीता, शाहजहां, नरगिस, नाहिद, नीलम, शशी बाला, धर्मवती, शहिना आदि मौजूद रहीं।