जिला कृषि अधिकारी का गिरेबान पकड़े हुए युवक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत में जिला पंचायत सभागार में बृहस्पतिवार को हुई बोर्ड बैठक में एक युवक ने जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल को थप्पड़ जड़ दिया। वह खाद की उपलब्धता और अन्य सवालों पर जवाब दे रहे थे। इसके बाद सभी अधिकारी बैठक छोड़कर चले गए। थप्पड़ मारने का वीडियो भी सामने आया है। मामले में जिला कृषि अधिकारी ने दो आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
जिले में विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने के लिए बृहस्पतिवार को जिला पंचायत की बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया था। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, जिला पंचायत सदस्य, सीडीओ आरके श्रीवास और अन्य अफसरों की मौजूदगी में सदन की कार्रवाई शुरू हुई। एक-एक कर सवाल और विकास कार्यों पर चर्चा की जाने लगी। जिले में खाद की कमी को लेकर जिला पंचायत सदस्यों ने अपनी बात रखी। जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल उनके सवालों का जवाब दे रहे थे कि एक जिला पंचायत सदस्य से नोकझोंक होने लगी।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत में बाघों ने मचाया आतंक: दो घंटे में तीन हमले... महिला की मौत, दो घायल; किशोर ने लड़कर बचाई अपनी जान
इसी समय सभागार में मौजूद युवक ने जिला कृषि अधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया। उनका गिरेबान पकड़कर धक्का भी दिया। इसके बाद जिला कृषि अधिकारी सभागार से बाहर चले गए। देर शाम उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर में बताया कि दियोरिया कला निवासी नितिन पाठक ने उनके साथ गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के इशारे पर उसके चालक अनमोल ने उनपर हमला कर दिया। कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जिला कृषि अधिकारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।