दियोरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से 55 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। कटना नदी के पुल पर हुए हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और वाहन की तलाश कर रही है।
पीलीभीत के दियोरिया थाना क्षेत्र में बेनीपुर मार्ग पर शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। हादसा कटना नदी के पुल पर हुआ। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर दियोरिया की ओर भाग निकला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया रंजीत निवासी रूपांशी देवी ने बताया कि उनके पिता 55 वर्षीय हरिशंकर शुक्रवार देर रात बाइक से दियोरिया की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। गांव से करीब आधा किलोमीटर पहले कटना नदी के पुल पर सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में हरिशंकर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत दियोरिया की ओर फरार हो गया।
टक्कर मारने वाले वाहन का नहीं चला पता
राहगीरों की सूचना पर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। सीएचसी से मिले मेमो के आधार पर पुलिस ने दियोरिया कोतवाली को सूचना दी। इसके बाद दियोरिया पुलिस ने मौके के आसपास टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
विज्ञापन
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हरिशंकर की मौत के बाद उनकी पुत्री रूपांशी, चचेरे भाई बाबूराम और द्वारिका प्रसाद का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के मुताबिक मृतक के पिता, मां और पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है।