पीलीभीत के कोतवाली क्षेत्र में एक युवक आम के बाग में कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
पीलीभीत में बाग में आम के पेड़ों पर कीटनाशक का छिड़काव करते समय कोतवाली क्षेत्र के बिलगवां निवासी दयाशंकर (23) पुत्र परशुराम की हालत बिगड़ गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा है।
विज्ञापन
गांव बिलगवां निवासी नरेश ने बताया कि छोटा भाई दयाशंकर सोमवार को गांव के निकट अपने बाग में आम के पेड़ों पर कीटनाशक का छिड़काव करने गया था। वह भी बाग में ही थे। छिड़काव करते समय अचानक दयाशंकर की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। तुरंत ही दयाशंकर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
चिकित्सक ने भर्ती कर उसका उपचार शुरू कर दिया। शाम के समय उपचार के दौरान दयाशंकर की मौत हो गई। वह पांच भाई और एक बहन में चौथे नंबर का था। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया है।