अधिकारियों को भ्रष्ट बनाते हैं जनप्रतिनिधि
शहर विधायक संजय गंगवार ने कहा कि अधिकारी भ्रष्ट नहीं होते, बल्कि जनप्रतिनिधि उन्हें अपने स्वार्थों के चलते भ्रष्ट बना देते हैं। अब जिले में सबका साथ सबका विकास मूलमंत्र के आधार पर ही कार्य कराया जाएगा। भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर विधायक ने शुक्रवार को रोडवेज डिपो में हरिद्वार बस सेवा के तहत दो नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि पीलीभीत बस अड्डा मंडल का सबसे अत्याधुनिक व सुंदर बने। इस दिशा में तेजी से प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार मुक्त शासन चाहती है। रोडवेज कर्मियों का उत्पीड़न और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिपो में चालक व परिचालकों की खासी कमी है। इसको लेकर जल्द ही भर्ती करने पर प्रदेश सरकार विचार करेगी। ड्यूटी वितरण के दौरान पूरी पारदर्शिता बरती जाए। चालक नशे से दूर रहे और बस संचालन के दौरान बस स्टाप पर बसों को मार्ग के किनारे ही खड़ा करें, ताकि आवागमन में अन्य लोगों को असुविधा न हो। इस दौरान उन्होंने डिपो में कार्यरत एक कर्मचारी द्वारा अवैध वसूली करने की शिकायत पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को संबंधित कर्मचारी को तत्काल निलंबित करने के निर्देश देने के साथ भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के भी निर्देश दिए। विधायक ने रोडवेज वर्कशॉप का निरीक्षण कर कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वसन दिया। इस मौके पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जुनैद शम्सी, विधायक प्रतिनिधि विजय गंगवार, तेजबहादुर गंगवार, गंगा प्रसाद लोधी, कर्मचारी नेता विपिन मिश्रा, शिवप्रकाश समेत कई चालक व परिचालक मौजूद रहे।
हरिद्वार के लिए दो बसों का होगा संचालन
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जुनैद शम्सी ने बताया कि हरिद्वार बस सेवा के तहत दो नई बसों का संचालन शुरू किया है। बसें सुबह नौ बजे रवाना होगी। इसमें एक बस वाया मुरादाबाद व एक बस वाया टनकपुर होते हुए हरिद्वार पहुंचेगी। दोनों बसें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं।