बेकाबू गति से दौड़ते ट्रक ने रोड पार कर रही पांच वर्षीय बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर जोरदार हंगामा किया। विधायक के समझाने पर लोग शांत हुए, जिसके बाद बच्ची का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया। बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के टिकरी गांव निवासी सूरजपाल एवं उसकी पत्नी की करीब तीन साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। उनकी दो दो बेटियां पांच साल की पार्वती और साढ़े तीन साल की राशि अपनी दादी मैना देवी और दादा सुंदरलाल के पास रहती हैं। शुक्रवार को बड़ी बच्ची पार्वती खेलने को सड़क पार जा रही थी। इस बीच बीसलपुर की ओर से आए ट्रक ने बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। इस बीच इकट्ठे हुए ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ रोड जाम करके हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि पुलिस ट्रक चालक को पकड़ने के बजाय बच्ची का शव उठाकर ले जाने लगी। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। इसका पता लगने पर बीसलपुर विधायक रामसरन वर्मा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कर दिया, जिसके बाद जाम खोल दिया गा। फिर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।