पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण के मतदान कर्मियों को भी मंगलवार को मंडी समिति में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण अधिकारी/ डीआईओएस जेके वर्मा ने कहा कार्मिक निष्पक्ष रहते हुए निडरता के साथ मतदान संपन्न कराएं।
प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव के दूसरे चरण में अमरिया और ललौरीखेड़ा में चुनाव होना है। इसके लिए मंगलवार को मंडी समिति में मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। सुबह पहली पाली में अमरिया ब्लाक के मतदान कर्मियों को और दूसरी पाली में ललौरीखेड़ा ब्लाक के मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने मतदान कर्मियों को बताया कि ग्राम पंचायत के चुनाव से इस बार दो बदलाव हुए हैं। पहला मतदान के समय मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा उंगली पर स्याही लगाई जाएगी दूसरा मतदान का समय शाम को 4.30 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानी का चुनाव काफी संवेदनशील है इसलिए सतर्कता बरतने की आवश्कता है। उन्होंने कहा जिला पंचायत की अपेक्षा प्रधानी में मतदान प्रतिशत भी बढ़ने की संभावना है, इसलिए प्रारंभ से काम में तेजी लाने का प्रयास करें। प्रशिक्षण में डीडीओ एके सिंह चंद्रौल, बीएसए अंबरीश कुमार यादव, जलनिगम के अधिशासी अभियंता अयोध्या प्रसाद यादव सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।