रुपये देने के बाद भी नहीं मिली लड़की तो मां ने एसपी से की शिकायत
अगवा किशोरी को तलाशने के नाम पर सुनगढ़ी थाने के एक सिपाही ने उसकी मां से छह हजार रुपये ठग लिए। कई दिन बाद भी बेटी का कोई पता नहीं चला तो मां ने एसपी से शिकायत की।
सुनगढ़ी क्षेत्र की एक महिला ने एसपी को दिए पत्र में कहा है कि पति की मौत के बाद से वह डेयरी चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रही है। 27 जुलाई को उसकी नाबालिग पुत्री को कुछ युवकों ने अगवा कर लिया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। आठ अगस्त को एसपी के आदेश पर मामले की रिपोर्ट सुनगढ़ी थाने में दर्ज की गई थी। आरोप है कि थाने के एक सिपाही ने उससे लड़की को तलाश करने के नाम पर छह हजार रुपये ले लिए लेकिन कई दिनों तक कार्रवाई करने बात कहकर टालता रहा। न तो उसने कोई दबिश दी और न ही लड़की की तलाश का कोई प्रयास किया। इधर, आरोपी पक्ष लगातार धमकी देता रहा। एसपी मुनिराज ने सुनगढ़ी इंस्पेक्टर अतुल प्रधान से पूरे मामले की जानकारी लेकर उन्हें किशोरी को तलाश करने के निर्देश दिए।