गांव भगवंतापुर की मुख्य सड़़क पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। लॉकडाउन के बीच सब्जी खरीदने को लेकर मारामारी को देखकर प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को इंतजाम किए गए। शहर के समस्त 27 वार्डों में से प्रत्येक में एक चार पहिया वाहन सब्जी लदवाकर खड़ा करा दिया गया। इसमें सब्जी विक्रेताओं को लगाया गया है। उनके मोबाइल नंबर भी अधिकारियों ने अपने पास रखे हैं। इन वाहनों से अब लोग अपने वार्ड में ही सब्जी निर्धारित रेट में खरीद सकेंगे।
सभी वाहन चालकों को निर्देशित किया गया है कि वह मास्क, सैनिटाइजर और ग्लब्स का इस्तेमाल करते रहेंगे। सब्जी खरीदने आए लोगों को भी उचित दूरी पर खड़ा करेंगे। सब्जी देते समय पूरी तरह सावधानी बरती जाएगी। एडीएम अतुल सिंह, एएसपी रोहित मिश्र ने धुनों वाला चौराहा पर लगी सब्जी की गाड़ी के चालक व अन्य लोगों को आवश्यक निर्देश दिए। पब्लिक से भी भीड़ न जुटाने की अपील की।
सब्जी की गाड़ी लगते ही लग गई भीड़
बीसलपुर। लॉकडाउन के बाद आम नागरिकों की समस्या को देखते हुए गुरुवार को प्रशासन की ओर से वाहनों से गली मोहल्लों में सब्जी भिजवाई गई। इसके बाद दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जब वाहन पहुंचा तो भीड़ टूट पड़ी। जल्दी सब्जी लेने की होड़ में सारे नियम-कानून ताक पर रख दिए गए। प्रशासनिक अफसर भीड़ रोक नहीं पाए। लॉकडाउन होने के बाद भी लोग मान नहीं रहे हैं।
प्रशासन ने जारी की फलों और सब्जी की रेटलिस्ट
नाम - प्रतिकिलो फुटकर भाव
हरी मिर्च 35- 40 रुपये
तुरई 55-60 रुपये
खीरा 25-30 रुपये
धनिया 20-25 रुपये
पपीता 25-30 रुपये
प्याज 22-25 रुपये
आलू 20-25 रुपये
गोभी 15- 20 रुपये
टमाटर 20-35 रुपये
लहसुन 65-70 रुपये
लौकी 18-20 रुपये
मटर 30-35 रुपये
अदरक 80-85 रुपये
सेब 90-95 रुपये
संतरा 50-55 रुपये
अनार 55-60 रुपये
अंगूर 60-65 रुपये
सब्जी खरीदने के लिए उमड़ रही भीड़
पूरनपुर। लॉकडाउन के बाद भी मंडी समिति में सब्जी खरीदने वालों की भीड़ उमड़ रही। मोहल्लों में सब्जी पहुंचाने के लिए 50 सब्जी विक्रेताओं को ट्रेस कर बृहस्पतिवार को उनसे सब्जी मोहल्लों में भिजवाई गई। एसडीएम हरिओम शर्मा ने बृहस्पतिवार को किराना व्यापारियों की बैठक लेकर खाद्य सामान की कमी न होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई सामान कम पड़ रहा है और उसे बाहर से लाने की जरूरत है। तब उसे लाने की परमीशन दी जाएगी। मगर, सब्जी निर्धारित रेट में ही बिकेगी। कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद