पीलीभीत। शहर समेत जिले के सिख बहुल इलाकों में बुधवार को लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शाम होते ही शहर की अशोक कॉलोनी में घरों के बाहर ढोलों की थाप गूंजने लगीं। घरों के बाहर आग जलाकर रेवड़ी और मूंगफली समर्पित की गई। ढोल नगाड़ों की थापों पर लोगों ने जमकर भंगड़ा और गिद्दा किया। वहीं सिख संगत ने गुरुद्वारों में पहुंचकर मत्था टेका और एक दूसरे को पर्व की बधाई दी।
मान्यता है कि लोहड़ी के अगले दिन से किसानों के नये आर्थिक वर्ष की शुरुआत होती है। पर्व को लेकर शहर की अशोक कॉलोनी, एकतानगर कॉलोनी समेत कई अन्य स्थानों पर खासी रौनक देखी गई। दिन में लोगों ने बाजार में पूजन सामग्री के अलावा रेवड़ी, मूंगफली आदि की खरीदारी की। शहर के स्टेशन रोड और जेपी रोड समेत प्रमुख चौराहों पर लगे ठेलों पर लोग रेवड़ी और मूंगफली की खरीदते देखे गए। शाम होते ही शहर की अशोक कॉलोनी और एकता नगर में ढोल की थापे गूंजने लगी। पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने लोहड़ी पूजन की सामग्री जुटाकर विशेष पूजन के साथ आग जलाकर लोहड़ी का जश्न मनाया। कुछ स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से लोहड़ी पूजन करने के बाद गुड़, तिल, रेवड़ी, मूंगफली आदि अग्नि को समर्पित की। इस दौरान लोग एक दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते दिखे। ठंड के बावजूद लोग ढोल की थापों के साथ पंजाबी गीतों पर जमकर थिरकते दिखाई दिए। इस दौरान महिलाएं दे माई लोहड़ी तेरी जीवे जोड़ी, सुंदर मुंदरिये हो तेरा कौन बेचारा हो गीत गाते दिखे। जिन घरों में नई दुल्हन आई या पहले बच्चे का जन्म हुआ, उन घरों में विशेषकर खास जश्न मनाया गया। शहर के गुरुद्वारों में भी लोहड़ी पर्व मनाया गया। बड़ी संख्या में सिख संगत ने गुरुद्वारों में पहुंचकर मत्था टेका और सुख समृद्धि की कामना की। इधर शहर के अलावा जिले के सिख बहुल पूरनपुर, बिलसंडा, मझोला, अमरिया आदि क्षेत्रों में देर रात तक लोहड़ी पर्व की धूम रही। देर रात तक लोग लोहड़ी के जश्न में डूबे रहे।
बच्चों ने ढोल की थापों पर किया भंगड़ा
ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया गया। कक्षा नौ और 11 के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। पंजाबी वेशभूषा में पहुंचे विद्यार्थियों ने ढोल की थापों पर भंगड़ा और गिद्दा किया। रिश्ति छाबड़ा, राशि पाठक, हर्षिता, आराध्या ने अलग-अलग कार्यक्रम पेश कर वाहवाही बटोरी। बाद में लोहड़ी पूजन कर तिल, गुड़, रेवड़ी और मूंगफली का भोग लगाया गया। प्रधानाचार्य पूजा छाबड़ा और प्रबंधक देवेंद्र सिंह छाबड़ा ने पर्व के बारे में विस्तार से बताते हुए बधाई दी।
एसएसबी ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों संग मनाई लोहड़ी
सशस्त्र सीमा बल 49वीं वाहिनी ललौरीखेड़ा के जवान बुधवार को बरहा स्थित वृद्ध सेवाश्रम पहुंचे। यहां कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी समेत जवानों और उनके परिवारों ने आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों का हाल जाना और उन्हें खाद्य सामग्री बांटी। इस मौके पर आश्रम के सचिव देवेश बंसल, सहायक कमांडेंट सुरेश कुमार, निरीक्षक संतराम भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक गोविंद सिंह, जवान पंकज आचार्या, संगीता, किरन भारती, अंजली, पुष्पा आदि मौजूद रहे।
एक स्कूल में लोहड़ी पर्व मनातीं शिक्षिकाएं।- फोटो : PILIBHIT