पीलीभीत। लॉकडाउन में मिली छूट में भीड़ ने पांचवें दिन भी जागरूकता नहीं दिखाई। मोबाइल फोन की दुकानों पर भीड़ लगा दी। सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ गईं। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल फोन की दुकानों को बंद करने के साथ लाठी फटकारीं। वाहनों के चालान किए। तब जाकर हालात पर कुछ हद तक काबू पाया।
लॉकडाउन में मिली छूट का पांचवें दिन शनिवार को मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान की दुकानों के साथ अन्य दुकानों को भी खोल दिया गया। सभी दुकानों की तुलना में सिर्फ मोबाइल दुकानों में कुछ ज्यादा ही भीड़ लग गई। स्टेशन रोड, चावला चौराहा, गैस चौराहा, छिपियान मस्जिद, सेंट्रल मार्केट, चूने वाली गली में मोबाइल फोन की दुकानों पर भीड़ इकट्ठी होने लगी। सामाजिक दूरी का पालन कराना भारी पड़ गया। रोड पर वाहन खड़े होने की वजह से जाम की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठी फटकारते हुए सेंट्रल मार्केट और चूने वाली गली समेत कई इलाकों में मोबाइल की दुकानों को बंद करा दिया। रोड पर खड़ी बाइकों के चालान करने शुुरू कर दिए। इससे कुछ देर के लिए बाजार में अफरातफरी मच गई। हालांकि पुलिस ने दो घंटे के बाद सेंट्रल मार्केट को खुलवा दिया। लेकिन पुलिस के हटाने के बाद बाजार में फिर से दुकानों पर भीड़ लगनी शुरू हो गई।
डीएम का आदेेश से आज रहेगी साप्ताहिक बंदी
लॉकडाउन में रियायत देने के बाद बाजार को खोला गया था। इसके लिए प्रशासन ने बाजार में दुकानों के खुलने का दिन निर्धारित किया है। अब डीएम वैैभव श्रीवास्तव ने आदेश जारी किया है कि रविवार को बाजार में पूण साप्ताहिक बंदी रहेगी। सिर्फ मेडिकल स्टोर, दूध की दुकानें, डेयरी और मंडी को ही खोला जाएगा। बाकी बाजार पूर्णतया बंद रहेगा। अगर इनके अलावा कोई दूसरी दुकान खुली मिली तो दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।