पीलीभीत। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए एक ओर जहां देशव्यापी जंग चल रही है, वहीं बिलसंडा थाने में इंस्पेक्टर हरीशंकर वर्मा ने शादी की सालगिरह पर दावत करके थाने में भीड़ जमा करके कोरोना संक्रमण का खतरा पैदा कर दिया। क्योंकि अब तक न तो दावत में जुटने वालों की स्क्रीनिंग की गई है, न ही यह पता लगाया गया कि भीड़ में कहां से और कौन लोग आए थे। इनके संपर्क में कौन से लोग रहे।
रविवार की रात बिलसंडा थाने में इंस्पेक्टर हरीशंकर वर्मा ने शादी की 11 वीं सालगिरह मनाते हुए टेंट लगाकर स्टाफ और बाहर वालों की दावत की थी। इसका खुलासा मंगलवार को दावत का वीडियो वायरल होने के बाद होते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई थी। इंस्पेक्टर निलंबन से पहले आखिर तक दावत को स्टाफ की हौसला आफजाई के लिए खाने का आयोजन बताते रहे। मगर, जब शासन तक मामला पहुंचा तो इंस्पेक्टर को न सिर्फ निलंबित होना पड़ा, बल्कि उन पर सीओ बीसलपुर लल्लन सिंह की तरफ से लॉकडाउन उल्लंघन में एफआईआर भी दर्ज करा दी गई है। इस दावत में 225 लोग शामिल हुए थे। न तो इनके बीच सामाजिक दूरी बनी थी, न ही किसी ने मास्क का प्रयोग किया था। ऐसे में खतरा यह है कि कोई कोरोना संक्रमित आ गया होगा तो उसने और में भी संक्रमण फैलाया होगा। अब तक इस ओर से स्वास्थ्य विभाग बेसुध है।
यह प्रकरण मीडिया के जरिये संज्ञान में आया है, लेकिन, बिलसंडा के इंस्पेक्टर की दावत में शामिल होने वाली भीड़ की थर्मल स्क्रीनिंग को लेकर हमें कोई आदेश अब तक नहीं मिला है। इसलिए इस दिशा में मेरी ओर से कदम नहीं उठाया गया। -डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ