पीलीभीत। बूंदीभूड़ में बने हाईस्कूल के विद्यालय में इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई शुरू कराने के लिए शासन में पैरवी शुरू की गई है। डीएम के निर्देश के बाद मामले में शासन को पत्र भेजा गया है। गांव में हुए विवाद के बाद ग्रामीणों ने स्कूल के उच्चीकरण के लिए मुद्दा उठाया था।
नेपाल बॉर्डर से सटे गांव बूंदीभूड़ में शराब की दुकान खोले जाने के बाद गांव में आठ मई को जमकर बवाल हुआ था। इस दौरान कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए जनप्रतिनिधि से लेकर डीएम, एसपी तक गांव में लोगों को शांत कराने के लिए पहुंचे थे। बातचीत के दौरान ग्रामीणों ने अफसरों के समक्ष एक बात भी रखी।
उन्होंने बताया कि गांव में महज हाईस्कूल तक ही स्कूल है। इसमें करीब 50 विद्यार्थी ही अध्ययनरत हैं। इसके बाद की पढ़ाई के लिए विद्यार्थी करीब सात किमी. दूर गांव गभिया सहराई स्थित विद्यालय को जाते हैं। ऐसे में बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने इस स्कूल के उच्चीकरण कराए जाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए डीआईओएस को निर्देश दिए। डीआईओएस राजीव कुमार ने बताया कि शासन को पत्र भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद विद्यालय को इंटर तक उच्चीकृत किया जाएगा। संवाद