शहर के जिला चिकित्सालय परिसर में बना ऑक्सीजन प्लाट।संवाद
पीलीभीत। मेडिकल कॉलेज के अधीन जिला अस्पताल परिसर में एलएमओ (लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन) स्टोरेज 20 लीटर के टैंक स्थापित किया गया है। इससे जिला और महिला अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीजों को सहूलियत मिलेगी। स्टोरेज टैंक लग जाने से मरीजों को ऑक्सीजन की दिक्कत नहीं होगी।
जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए पहले से ही तीन ऑक्सीजन प्लांट संचालित है, जो क्रियाशील हैं। पाइपलाइन से ऑक्सीजन की आपूर्ति भी हो रही है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देख और बेहतर उपचार के क्रम में अस्पताल परिसर में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक (एलएमओ) स्थापित किया गया है।
लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन से अस्पताल में निरंतर और पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, इससे मरीजों को उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की ऑक्सीजन कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस टैंक की क्षमता करीब 20 लीटर होगी। टैंक के खाली होने पर इसकी रिफिलिंग कराई जाएगी। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि चिकित्सालय को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।