बीसलपुर। खेत पर जा रहे किसान पर सांड़ ने हमला कर दिया। उपचार को ले जाते समय किसान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर गांव पहुंचे भाजपा विधायक विवेक वर्मा ने परिजनों को सांत्वना दी। एक दिन पहले भी सांड़ ने बुग्गी चालक पर हमला किया था।
कोतवाली के गांव भसूंडा निवासी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि उनके पिता गोपाल देव शर्मा (55 वर्ष) पुत्र मनोहर लाल शर्मा शुक्रवार सुबह 6:30 बजे खेत पर जा रहे थे। रास्ते में सांड़ ने उनपर हमला कर दिया। हमले में गोपाल देव शर्मा गंभीर घायल हो गए। सांड़ का हमला देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बमुश्किल उन्हें बचाया।
सूचना पर परिजन पहुंच गए। परिजन गोपाल देव को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार वीरपाल सिंह मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार से सांड़ की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सांड़ पिछले एक वर्ष से उनके गांव में घूम रहा है। कई लोगों को हमला कर घायल कर चुका है। इसी सांड़ ने शुक्रवार की दोपहर पड़ोसी गांव हाफिज नगर के कन्हई लाल की भूसा भरी बुग्गी टक्कर मारकर नहर में पलट दी थी। वहीं, कन्हई लाल ने बमुश्किल भागकर जान बचाई। सूचना पर भाजपा विधायक विवेक वर्मा व पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा भी गांव पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। शीघ्र ही छुट्टा जानवरों की समस्या से निजात दिलाने को कहा।
गोपाल देव का फाइल फोटो।