जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त करते डीएम ज्ञानेंद्र सिंह। स
डीएम ने किया शुभारंभ, गांधी स्टेडियम में स्केटिंग कोर्ट निर्माण की बात कही
पीलीभीत। स्प्रिंगडेल कॉलेज में पहली बार आयोजित जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता का रविवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में लिटिल एंजिल स्कूल की टीम ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में स्प्रिंगडेल कॉलेज, ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल, लिटिल एंजिल स्कूल, कैम स्कॉलर्स स्कूल और विद्यालय निकेतन सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि जनपद में पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन होना छात्रों के लिए नए अवसर खोलने वाला कदम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्केटिंग को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित संगठन मिलकर कार्य करेंगे। साथ ही गांधी स्टेडियम में जल्द ही स्केटिंग कोर्ट निर्माण की बात भी कही गई।
प्रतियोगिता में लिटिल एंजिल स्कूल ने प्रथम, ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल ने द्वितीय और ज्ञान इनिशियम ग्लोबल स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में उत्तर प्रदेश रोलर स्केटिंग संघ नोएडा से ऋषि कुमार और वासुदेव, बरेली से वरुण दीक्षित और सुमित कुमार शामिल रहे। कार्यक्रम में अध्यक्ष देवेंद्र छाबड़ा सहित कई पदाधिकारी आदि मौजूद रहे। संवाद