मौके पर लगाए गए हैं चार ट्रेप कैमरे
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पीटीआर में लंगड़ाते हुए बाघ का वीडियो वायरल होने के बाद वनाधिकारियों ने उसकी निगरानी को बढ़ा दिया है। बाघ की अब 24 घंटे निगरानी की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग दो टीमों को लगाया गया है। डिप्टी डायरेक्टर ने पूरे मामले की रिपोर्ट पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ को भेजी है।
गत दिवस पीटीआर की महोफ रेंज में लंगड़ाते बाघ का वीडियो वायरल हुआ था। इससे जिम्मेदारों में खलबली मच गई थी। डीएफओ मनीष सिंह ने बाघ की मॉनीटरिंग को लेकर कर्मियों को निर्देश दिए थे। अब दो टीमों का गठन कर बाघ की 24 घंटे निगरानी के आदेश दिए गए हैं।
उप प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चौहान के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम निगरानी करेगी। इस टीम में उप प्रभागीय वनाधिकारी के अलावा महोफ रेंजर सहेंद्र कुमार यादव, पशु चिकित्सक डॉ. दक्ष गंगवार और लवप्रीत सिंह हैं। वहीं शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक सहायक वन संरक्षक (प्रशिक्षु) दीपक पांडेय के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम निगरानी के लिए लगाई गई है।
इस टीम में वन दरोगा राधेश्याम, प्रदीप कुमार, शंकर सिंह, सुरेंद्र गौतम, विक्की कुमार, फहीम अहमद और सौरभ कुमार शामिल है। इसके साथ ही बाघ जहां पर देखा गया था वहां पर चार ट्रेप कैमरे भी लगाए गए हैं। पूरे मामले की रिपोर्ट भी डीएफओ ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव को भेजी है।
.........
बाघ की निगरानी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें 24 घंटे बाघ की मॉनीटरिंग कर रहीं हैं। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।
- मनीष सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, पीटीआर