कलीनगर। माधोटांडा क्षेत्र के बूंदीभूड़ गांव में बृहस्पतिवार रात तेंदुए ने घर के बाहर बंधी दो बकरियों पर हमला कर उन्हें मार डाला। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर तेंदुए की निगरानी शुरू की।
बराही रेंज के नौजल्हा क्षेत्र से भटककर तेंदुआ गांव बूंदीभूड़ में पहुंच गया। यहां ग्रामीण राम मियादी के घर के बाहर बनी झोंपड़ी में पहुंचे तेंदुए ने वहां बंधी दो बकरियों पर हमला कर उन्हें मार दिया। रात का यह घटनाक्रम सुबह सामने आया जब परिजन घर से बाहर निकले और बकरियों के शव देखे। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बकरियों का पोस्टमाॅर्टम कराया। रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाएगा। साथ ही गांव और आसपास के इलाकों में गश्त व निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि तेंदुए की आवाजाही पर नजर रखी जा सके।