लखीमपुर खीरी: वन्यजीव ने पालतू कुत्ते को बनाया शिकार
लखीमपुर खीरी जनपद के ब्लॉक फूलबेहड़ क्षेत्र के कोरारा कंचनपुर गांव में सिख किसान के एक पालतू कुत्ते को किसी हिंसक जानवर ने निवाला बना लिया। झाले के नजदीक कुत्ते का अधखाया शव बरामद हुआ। इससे लोगो में दहशत है।
मैलानी रेंज के लखहा अलीगंज बीट के जंगल और गुरखेत के पास कोरारा कंचनपुर गांव है। गांव में अधिकतर सिख समुदाय के झाले (घर) हैं। जंगल से कुछ दूर गुरुदीप सिंह और दो अन्य किसानों के खेत में गन्ने की फसल लगी है। पास ही में जसप्रीत सिंह मकान है।
जसप्रीत सिंह ने बताया कि इलाके में अक्सर हिंसक जानवर दिख जाते हैं। वह झाले पर पालतू कुत्ते को रात में अक्सर खुला छोड़ देते थे। मंगलवार रात को किसी जंगली जानवर ने पालतू कुत्ते को निवाला बना लिया। इससे पहले भी एक कुत्ते को कोई जानवर उठा ले गया था। अंदेशनगर बीट के वन दरोगा कुलदीप सिंह ने बताया कि अभी तक किसी ने घटना की सूचना नही दी है। इस जंगल में गुलदार या भेड़िया भी हो सकता है।