संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर जिलेभर के लेखपालों ने कार्य बहिष्कार किया। इसके चलते तहसीलों में राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित रहा। लेखपालों ने मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए शासन-प्रशासन से समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
पूरनपुर। लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर धरना देकर प्रदर्शन किया। पिछले 10 वर्षों से 2800 ग्रेड पे और वेतन विसंगति दूर कराने, आठ सालों से अंतर मंडलीय स्थानांतरण न होने, दो सालों से पदोन्नति सूची जारी न होने, वन नियुक्त लेखपालों का परीक्षा परिणाम घोषित न होने, 16 वर्षों से भत्ता बढ़ोत्तरी न होना, तकनीकी पद घोषित करना आदि को लेकर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डीएम को ज्ञापन दिया। संघ के तहसील अध्यक्ष शिशुपाल ने बताया कि समस्याओं का समाधान न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। आठ अक्तूबर को लेखपाल तहसील/ प्रशासनिक पोर्टल, आदि ग्रुपोंं से रिमूव होगे। 10 अक्तूबर को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
अमरिया। विभिन्न मांगों को लेकर लेखपालों ने तहसील दिवस का बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम हेमंत चौधरी को सौंपकर मांगों के निस्तारण की मांग की गई। लेखपालों ने बताया कि 12 अक्तूबर को तहसील और जिला मुख्यालय पर रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। 14 अक्तूबर को मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। 17 से 23 अक्तूबर तक तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन होगा, जबकि 24 अक्तूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रस्तावित है। तहसील अध्यक्ष बुजेश कुमार और तहसील मंत्री शुभम गुप्ता ने आंदोलन के कार्यक्रम की जानकारी दी। अनूप कुमार शर्मा, ज्ञानदीप, जगदीश सिंह राजपूत, राजपाल, विपिन कुमार आदि मौजूद रहे।
बीसलपुर। आठ सूत्री मांगों को लेकर लेखपालों ने शनिवार को हड़ताल पर रहकर तहसील परिसर में धरना दिया। एसडीएम नागेंद्र पांडेय को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में प्रशांत गंगवार, विकास मिश्रा, सीमा गंगवार, सुमन गंगवार, उमेश चंद्र, खुशबू सैनी आदि शामिल रहे।
कलीनगर। लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर एसडीएम प्रमेश कुमार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी दिया। इस दौरान गजेंद्र कुमार, देवेश कुमार आदि लेखपाल मौजूद रहे।
पूरनपुर तहसील में धरना देकर प्रदर्शन करते लेखपाल-संवाद- फोटो : सांकेतिक
पूरनपुर तहसील में धरना देकर प्रदर्शन करते लेखपाल-संवाद- फोटो : सांकेतिक