सपा विधायक हेमराज वर्मा ने माना है कि शाहगढ़ घटना पुलिस की लापरवाही के कारण हुई है। उन्होंने कहा वह मुख्यमंत्री से मिलकर घटना की किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने का प्रयास करेंगे। सपा विधायक सोमवार ने गांव के भ्रमण के बात प्रेस को यह जानकारी दी है। वहीं डीएम ने भी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।
शुक्रवार को शाहगढ़ में मदरसे में नमाज पढ़ने को लेकर दो समुदायों में झगड़ा हो गया था। इसमें पथराव और फायरिंग में कई लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद से गांव में तनाव है और दोनों पक्षों के काफी लोग गांव से पलायन कर गए है। सोमवार को डीएम ओएन सिंह गांव पहुंचे। वहीं बरखेड़ा विधायक हेमराज वर्मा भी गांव पहुंचे। विधायक व डीएम ने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से बातचीत की। डीएम ने किसी भी निर्दोष पर कार्रवाई न किए जाने का आश्वासन देकर गांव से गए लोगों को वापस बुलाने की अपील की। वहीं विधायक ने ग्रामीणों को घटना की किसी एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया।
गांव से लौटने के बाद प्रेस को जारी बयान में विधायक ने कहा कि जानकारी करने पर पुलिस की लापरवाही सामने आई है। यदि पुलिस समझदारी से काम लेती तो घटना को टाला जा सकता है। उन्होंने बताया वह जल्द मुख्यमंत्री से मिलकर घटना की किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग करेंगे। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा कट्टर, धर्मेंद्र लोधी, धर्मेन्द्र भदौरिया सहित कई लोग मौजूद थे।