सटोरियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक और कामयाबी हाथ लगी है। सुनगढ़ी पुलिस ने भिकारीपुर के नामचीन सटोरिये को पकड़ा है जबकि उसका साथी भूरा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसके पास से हजारों की नगदी और सट्टा पर्चियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपी का चालान कर दिया है।
शनिवार रात सूची में शामिल किए गए भिकारीपुर के सट्टोरिया मोहमद कमर के गांव में साथी भूरा के साथ सट्टा एकत्र करने की सूचना सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट को मिली। कार्रवाई के निर्देश मिलने पर सुनगढ़ी इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने टीम के साथ दबिश दी। नजारा ऐसा कि पुलिस भी दंग रह गई। अफसरों के अभियान की जानकारी होने के बाद भी आरोपी खुलेआम धंधा करता मिला। पुलिस को देख दोनों ने भागने की कोशिश की। पीछा कर पुलिस ने कमर को दबोचा लिया, लेकिन उसका साथी भूरा भाग निकला। तलाशी लेने पर कमर के पास से पुलिस ने 7710 रुपये और सट्टे की पर्चियां बरामद कीं। आरोपी को पकड़कर थाने लाया गया। उधर, मदीनाशाह के सट्टा किंग को पकड़ने के लिए लगाई गई सुनगढ़ी और कोतवाली पुलिस को अभी कोई कामयाबी नहीं मिली है। उसके रेलवे स्टेशन पर होने की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसे उसके ऊंचे रसूख से जोड़कर देखा जा रहा है। सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि सूची में शामिल भिकारीपुर के सटोरिये को पकड़कर चालान किया गया है। मदीनाशाह का सट्टा किंग जल्द पुलिस गिरफ्त में होगा।