रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अशोक कुमार मित्तल ने कहा कि पीलीभीत-ऐशबाग रूट पर गेज कन्वर्जन का कार्य चल रहा है। अभी सीतापुर तक ही कमीशन नहीं पहुंचा है। उम्मीद है कि इस ट्रैक को चालू करने में दो साल का समय लग सकता है।
रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक कक्ष में शनिवार को हुई प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि टनकपुर रूट जून तक पूरा किया जाना है। हालांकि यह टफ प्रोजेक्ट हैं। जून माह के अंत तक टनकपुर रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू कराया जाएगा। पीलीभीत से बरेली जंक्शन तक ट्रेन संचालन करने के सवाल पर उन्होंने बताया कि जंक्शन एनईआर का नही है। बाद में इसकी कैपसिटी बढ़ाकर ट्रेन ले जाई सकेगी। लंबी दूरी की ट्रेन चलाने के संबंध में उन्होंने बताया कि अभी गेज कन्वर्जन का कार्य कहीं कहीं अधूरा है। गेज कन्वर्जन कार्य पूरा होने के बाद ही लंबी दूरी की ट्रेन चलाना संभव हो सकेगा। गेज कन्वर्जन कंपलीट होने के बाद मथुरा से लखनऊ व टनकपुर से मथुरा व अन्य स्टेशनों तक ट्रेेनें चलाई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि अफसरों को वर्किंग के दौरान ही मास्टर प्लान तैयार करने को कहा गया है ताकि आने वाले दिनों में बिना किसी अवरोध के बड़ी रेल लाइन की ट्रेनों का संचालन किया जा सके।