बीसलपुर। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी करते हुए तथ्य छिपाकर जमीन का बैनामा कराने के मामले की रिपोर्ट मंगलवार को दर्ज कर ली।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के गांव मुड़िया करोड (हेतमनगला )निवासी भूप देवी ने अपनी कुछ जमीन छह जुलाई 2022 को उनके हाथ बेची थी। जमीन का दाखिल खारिज हो चुका है।
अब उसी महिला ने अपने उसी खेत का बैनामा तथ्य छिपाकर नगर के मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली की छेदालाल कॉलोनी के सचिन जायसवाल के नाम 29 मई 2024 को अवैध रूप से करा दिया। मामला संज्ञान में आने पर जब प्रदीप ने महिला से मामले की जानकारी की तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
प्रदीप ने कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दी। पुलिस के रिपोर्ट दर्ज न करने पर प्रदीप ने एसपी अविनाश पांडेय को शिकायती पत्र सौंपा। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि एसपी के निर्देश पर धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में भूपदेवी और सचिन जायसवाल को नामजद किया गया है।