पीलीभीत। थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में देवहा नदी पर लकड़ी पुल के नीचे जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव हिमकरनपुर निवासी मजदूर जीशाचरण (40) का शव मिला है। बताया जाता है कि वह बुधवार को मजदूरी करने निकले से, तब से घर नहीं लौटे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पैर फिसलने से नीचे गिरने की आशंका जताई जा रही है।
घटना थाना क्षेत्र के ग्राम बेहरीखेड़ा में बृहस्पतिवार सुबह की है। राहगीरों ने देवहा नदी पर बने लकड़ी पुल के नीचे एक युवक का शव पड़ा देखा। पता चला तो लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराई।
मृतक की पहचान थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम हिमकरनपुर निवासी जीशाचरण पुत्र रामचरण के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि जीशाचरण बुधवार की सुबह करीब नौ बजे मजदूरी करने पीलीभीत जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटे। परिजनों लगा कि काम के सिलसिले में कहीं रुक गए होंगे। बताया जा रहा है कि जीशाचरण अविवाहित थे और नशे के भी आदी थे।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका है कि वह लकड़ी का पुल पार करते समय नशे में पैर फिसलने से नदी में गिर गए होंगे और मौत हो गई। नदी में इस समय पानी कम होने के कारण डूबने की आशंका कम है। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इसके बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।