फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: निर्माणाधीन मकान से गिरकर मजदूर की मौत

Fri, 14 Nov 2025 11:33 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। शहर के मोहल्ला मोहतसिम खां में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर की छत से गिरकर मौत हो गई। परिजनों ने मकान स्वामी पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
विज्ञापन

सदर कोतवाली के ग्राम चंदोई के मजरा मकसूदनगर निवासी गुलाम मोहम्मद (35) पुत्र अब्दुल अजीज शहर में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह लंबे समय से मोहल्ला मोहतसिम खां निवासी शिवम के यहां निर्माण कार्य में लगे हुए थे। बृहस्पतिवार शाम काम के दौरान वह अचानक छत से नीचे गिरकर गंभीर घायल हो गए।
साथी मजदूरों और मकान मालिक ने शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन शव लेकर घर आ गए। शुक्रवार सुबह परिजनों ने घटनास्थल पर जुटकर मकान मालिक पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर कोतवाली क्राइम सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। इंस्पेक्टर क्राइम सतीश कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें