गांव चुर्रासकतपुर के निलंबित कोटेदार के प्रकरण को लेकर ग्रामीण दो धड़ों में बंट गए। दोनों धड़ों के लोग तहसील कार्यालय पहुंचे। एक गुट ने कोटेदार को बहाल कराने की मांग को लेकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन दिया। दूसरे गुट के लोगों ने कोटेदार के लाइसेंस को निरस्त न करने की मांग को लेकर आपूर्ति विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया।
मालूम हो कि एसडीएम बीपी सिंह ने राशन सामग्री के वितरण में अनियमितताएं बरतने के आरोप में पिछले माह चुर्रासकतपुर के कोटेदार अफसर अली की दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया था। गांव के कुछ लोग निलंबित दुकान को बहाल कराने के पक्ष में हैं और कुछ लोग निलंबित दुकान को बर्खास्त कराने के पक्ष में हैं। दोनों धड़ों के लोग सोमवार को तहसील कार्यालय आए। एक गुट राष्ट्रीय समानता दल के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा की अगुवाई में दुकान बहाल कराने की मांग को लेकर एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार एमआर थारू को दिया, जबकि दूसरे गुट के लोगों ने माकपा के शाखा मंत्री जंडैल सिंह के साथ पहुंचकर लाइसेंस को बर्खास्त न किए जाने पर आपूर्ति विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया और नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने के बाद दोनों गुटों के लोग वापस चले गए। नायब तहसीलदार ने बताया कि मंगलवार को दोनों ज्ञापन एसडीएम को दे दिए जाएंगे।