पीलीभीत। देश में लॉकडाउन होने के बाद हर राज्य की सीमाएं सील हैं। इसके बावजूद चंडीगढ़ से दो ऑटो लेकर माधोटांडा के 11 और गजरौला का एक व्यक्ति पीलीभीत आ गया। उन्हें सुनगढ़ी पुलिस ने रोका और डॉक्टरों की टीम से परीक्षण कराकर घरों पर क्वारंटीन कराया। इसकी सूचना स्थानीय थाना पुलिस को भी दी गई है।
माधोटांडा के 11 और गजरौला क्षेत्र का एक व्यक्ति कई महीनों से चंडीगढ़ में रहकर काम करते थे। इनमें कोई ऑटो चलाता था तो कोई मजदूरी करता था। लॉकडाउन होने के बाद घर वापसी के लिए तीन दिन पहले ये सब अपने ही दो ऑटो लेकर घर के लिए चल दिए। अंतर्राज्यीय सीमा पर रास्ते में कहीं पर भी इन्हें रोका नहीं गया। बृहस्पतिवार शाम को एसएसआई सुनगढ़ी कोतवाली सतीश चंद बाजपेई टीम के साथ गौहनिया चौराहा पर तैनात थे। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने इन लोगों को यहां रोक लिया। एसएसआई ने बताया कि सभी को परीक्षण के बाद घर पर अकेले रहने की हिदायत देकर भेज दिया है। इसकी सूचना गजरौला और माधोटांडा पुलिस को दे दी गई है।
संक्रमित महिला की दो बेटियां और दामाद सीएचसी में क्वारंटीन
पीलीभीत। सऊदी अरब से लौटी महिला के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उसकी दो बेटियों और दो दामाद को स्वास्थ्य विभाग ने स्क्रीनिंग करने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरिया में क्वारंटीन वार्ड में शिफ्ट किया गया है। स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. लोकेश गंगवार ने बताया कि संक्रमित मिली महिला के सऊदी अरब से घर वापस आने पर उनकी दो बेटियां और दो दामाद भी उनसे मिले थे।