पूरनपुर। सैनिटाइजर की कालाबाजारी करना मेडिकल स्टोर संचालक को महंगा पड़ा। ड्रग इंस्पेक्टर बबिता रानी ने मेडिकल स्टोर संचालक आकाश आनंद पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करा दी। इससे पहले पीलीभीत में सैनिटाइजर प्रिंटरेट से अधिक पर बेचने पर कार्रवाई की गई थी।
21 मार्च को डीएम से की गई शिकायत में स्टेशन चौराहा के पास आनंद मेडिकल स्टोर में सैनिटाइजर की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया गया था। डीएम के निर्देश पर अधिकारियों ने आसपास के लोगों से संपर्क कर सैनिटाइजर की कालाबाजारी के बारे में जानकारी की तो मामला सही निकला था। सोमवार को एसडीएम हरिओम शर्मा, सीओ योगेंद्र कुमार, कोतवाल एसके सिंह के अलावा ड्रग इंस्पेक्टर बबिता रानी ने मेडिकल स्टोर पर जाकर कुछ मास्क और सैनिटाइजर कब्जे में लिए गए थे। इसमें सैनिटाइजर की ओवररेट बिक्री की बात सामने आई थी। ग्राहकों को बिल भी नहीं दिया जा रहा था। ड्रग इंस्पेक्टर ने बृहस्पतिवार को मेडिकल स्टोर संचालक पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक आकाश आनंद के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।