पीलीभीत। कोरोना संक्रमित अमरिया की महिला के चार परिजनों की भी जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक चारों में कोरोना वायरस को संक्रमण नहीं पाया गया।
सऊदी अरब से आई महिला के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया था। संक्रमित महिला के चार परिवारों को भी आइसोलेशन वार्ड में लाकर एक दिन पूर्व सैंपल लेने के बाद उसे लखनऊ भेजा गया था। इधर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग को चारों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो गई। नोडल अधिकारी कोरोना/एसीएमओ डॉ. वीबीराम ने बताया कि संक्रमित महिला के चार परिवारीजनों की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। सभी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। हालांकि ये सभी अभी क्वारंटीन वार्ड में ही रहेंगे।
दोबारा सैंपल लेकर कराई जाएगी जांच
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जब कोई व्यक्ति किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आता है तो उसके तत्काल लिए गए सैंपल में वायरस की पुष्टि नहीं हो सकती है। नोडल अधिकारी कोरोना/एसीएमओ डॉ. वीबीराम ने बताया कि संक्रमित और उसके चार परिवार वालों के दोबारा सैंपल लेकर लखनऊ भेजा जाएगा।
संक्रमित महिला की हालत ठीक
अमरिया की इस महिला को कोरोना संदिग्ध मानते हुए पहले ही 20 मार्च को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया था। फिर रविवार रात को उसकी पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। मंगलवार को सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने बताया कि संक्रमित महिला की हालत ठीक है।