पीलीभीत। कतर से वापस आए पांच लोगों को पुलिस ने असम चौराहे पर रोक लिया। पुलिस के रोकने पर इन सबने ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने इन्हें स्वास्थ्य विभाग के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद चालक सहित छह लोगों को क्वारंटीन सेंटर में भर्ती कर लिया गया।
कोरोना वायरस के चलते 11 देशों से आने वाले यात्रियों को क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट कर 14 दिन तक निगरानी में रखने के निर्देश हैं। रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान असम रोड चौराहे पर पुलिस ने एक गाड़ी को रोका। इसमें सवार पांच लोगों ने बताया कि वे दिल्ली से आ रहे हैं। गहनता से पूछा तो बताया कतर से आए हैं और खुटार, सेहरामऊ और पूरनपुर जा रहे हैं। कतर से आने की जानकारी पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। कुछ पलों बाद उन्होंने भागने की कोशिश की तो पुलिस ने घेराबंदी बढ़ा दी। फिर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। चालक बदायूं का बताया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ड्राइवर समेत सभी छह यात्रियों को क्वारंटीन में भर्ती कर परीक्षण कराया है। इसके अलावा अमरिया क्षेत्र के एक युवक को भी भर्ती किया गया। वह इटली से आया था। हजारा क्षेत्र के चार लोग भी क्वारंटीन सेंटर में ही रोके गए हैं।
‘कोरोना वायरस यहां न आए’ वाले नोटिस चस्पा
विदेश से आए काफी लोगों को उनके घरों में ही सुरक्षित रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने विदेश से आए लोगों से संक्रमण से बचाव को इन लोगों को घरों में ही क्वारंटीन किया गया है। इसी के चलते विदेश से आए लोगों को निगरानी में लेते हुए उनके घरों कर बाहर नोटिस चस्पा किए जा रहे है।
सऊदी से आये युवक की नहीं आई रिपोर्ट
सऊदी अरब से आए एक युवक को कोरोना संदिग्ध मानते हुए शनिवार को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। उसका सैंपल शनिवार को ही लखनऊ भेजा गया था। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक युवक की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
आइसोलेशन वार्ड में भर्ती युवक की जांच रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। इसके अलावा कतर से आए पांच लोगों को क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट किया गया है। संपर्क में आने वाले ड्राइवर को भी क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट किया गया है। कुल 12 लोगों को क्वारंटीन सेंटर में रखकर निगरानी की जा रही है।- डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ