पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर रविवार को जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए पूरे दिन पुलिस भी मुस्तैद रही। यूं तो शहर की हर प्रमुख सड़क और गलियां सुनसान दिख थी, मगर एक-एक, दो-दो लोग अगर कहीं दिख भी गए तो पुलिस ने तत्काल उन्हें डांटकर-समझाकर घर भेज दिया। रविवार को भी पुलिस की ओर से अनाउंसमेंट कर आम नागरिकों को बंद सफल करने के लिए धन्यवाद देकर कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया जाता रहा।
रविवार सुबह से ही रेलवे स्टेशन रोड, जेपी रोड, टनकपुर हाईवे, गांधी स्टेडियम रोड, लकड़ी मंडी, चौक बाजार, कमल्ले चौराहा, बेलों वाला चौराहा, लाल रोड समेत मुख्य मार्गों से लेकर गली मोहल्लों में मास्क और ग्लब्स पहने पुलिसकर्मी मुस्तैद दिखे। मुख्य चौराहों पर पिकेट तैनात थी। गली-मोहल्लों की इक्का दुक्का दुकानें खुली दिखते ही स्वत: प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
एडीएम अतुल कुमार सिंह, एएसपी रोहित मिश्र पुलिस बल के साथ शहर के मुख्य मार्गों के अलावा माधोटांडा, पूरनपुर और ग्रामीण इलाकों के भ्रमण पर रहे। शहर में कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी, सुनगढ़ी इंस्पेक्टर अतर सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम नरेशपाल सिंह फोर्स के साथ पैदल और कार से भ्रमण कर घर के अंदर रहने की अपील करते रहे। ग्रामीण इलाकों के थाना प्रभारी इसी तरह से अनाउंसमेंट करते रहे। मोहल्ला मदीनाशाह, खुशीमल, फीलखाना, कमल्ले और बेलों चौराहा, हाथीखाना, देशनगर गौड़ी में बार-बार सड़क पर जमा होने की सूचनाएं सामने आई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर कोरोना वायरस के खतरे से आगाह करती रही। इसके बाद ये लोग भी घर वापस हो गए। जब कुछ लोग नहीं माने तो पुलिस ने सख्ती भी दिखाई। दोपहर दो से पांच बजे के बीच पुलिस कुछ सुस्त हुई, लेकिन उस वक्त तक सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसर चुका था। मुख्यमंत्री की सोमवार सुबह छह बजे तक न निकलने के लिए की गई अपील के बाद शाम को दोबारा सड़कों पर पुलिस का पहरा बढ़ गया।
स्वेच्छा से जनता कर्फ्यू का सहयोग जनता ने किया है। बंद पूरी तरह सफल रहा। कहीं कोई दिक्कत नहीं हुई। -अभिषेक दीक्षित, एसपी