जनता कर्फ्यू के दौरान मोहल्ला खकरा में थाली और ताली बजाकर अभिवंदन करते लोग
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता कर्फ्यू में आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा था कि अपनी जान जोखिम में डालकर कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में जुटे डॉक्टर (मेडिकल स्टाफ), पुलिस-प्रशासन, मीडिया कर्मियों का घंटे घड़ियाल और थाली बजाकर धन्यवाद अदा करें। ठीक वैसा ही किया गया। शाम को पांच बजते ही घरों के अंदर से लोग छत की खिड़की या गेट से बाहर आ गए और अपने-अपने तरीके से शुक्रिया अदा किया।
दिन भर जिन गलियों और कॉलोनियों में सन्नाटा पसरा था, शाम पांच बजते ही गेट पर घंटे, घड़ियाल, शंख और थालियों की आवाज सुनाई देने लगी। लोग अपने घर की बालकनी, छतों और दरवाजे पर आ गए। सामूहिक रूप से थालियां, घंटे और शंख बजाए। अशोक कॉलोनी, साहूकारा, बल्लभनगर, खकरा, आसफजान, कमल्ले चौराहा, आवास विकास, स्टेशन रोड से लेकर ग्रामीण इलाकों में भी हर वर्ग के लोग कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने वाले डॉक्टर, नर्स और समस्त स्टाफ का धन्यवाद अदा करते दिखाई दिए। डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसपी अभिषेक दीक्षित, एडीएम अतुल सिंह, एएसपी रोहित मिश्र ने भी गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में ने घंटा और शंख बजाकर उत्साह बढ़ाया। दिन भर के सन्नाटे के बाद पांच मिनट का ये दृश्य देखने लायक थे। हर वर्ग में इसका खास उत्साह दिखा। घंटा और थाली बजाने के बाद दोबारा लोग घरों के भीतर चले गए।