ग्रामीणों ने मांग के समर्थन में नारेबाजी कर किया प्रदर्शन
कलीनगर को नई तहसील बनाने की घोषणा के बाद तहसील मुख्यालय माधोटांडा में बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। गुरुवार को इस मांग के समर्थन में ग्रामीणों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
कलीनगर को तहसील बनाने की मांग लंबे समय से चल रही थी। पहले माधोटांडा को तहसील बनाने के लिए प्रदर्शन किए गए। बाद में कलीनगर के लोगों ने भी आंदोलन शुरू कर दिया। इसके बाद प्रदेश सरकार ने पिछले सप्ताह कलीनगर को नई तहसील बनाने की घोषणा कर दी। इसे कैबिनेट की मंजूरी भी मिल गई थी। नई तहसील की घोषणा के बाद तहसील भवन के लिए जमीन की तलाश शुरू की गई। उधर, उदयकरनपुर के लोगों ने कलीनगर में तहसील मुख्यालय बनाने का यह कहकर विरोध किया कि कलीनगर आने-जाने के लिए पर्याप्त साधन नहीं है, इसलिए लोगों को दिक्कत होगी। इधर, बृहस्पतिवार को माधोटांडा के तमाम लोग मुख्य मार्ग पर एकत्र हुए और कस्बे में ही तहसील मुख्यालय बनाने की मांग को लेकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि तहसील कलीनगर के नाम से ही रहे, लेकिन मुख्यालय के लिए वे लोग अपने यहां मुख्य मार्ग पर जमीन देने को तैयार है। दूसरे यहां पुलिस स्टेशन, बिजलीघर, तीन बैंक और अन्य सभी सुविधाएं भी हैं। ऐसे में तहसील मुख्यालय कस्बे में ही होना चाहिए। इसको लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हाजी रियाज अहमद, हेमराज वर्मा, विधायक पीतमराम, डीएम और मंडलायुक्त को ज्ञापन भी भेजा है। प्रदर्शन करने वालों में राममूर्ति सिंह, प्रधान सुखदीप सिंह लाडी, शेर मोहम्मद, निर्भय सिंह, अलीम खां, गुरजीत सिंह, मदनलाल, संजय गुप्ता, आमिर राजा, अकरम अंसारी आदि मौजूद रहे।