अखिल भारतीय खेत मजदूर सभा ने जुलूस निकालकर धरना दिया। पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल व डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपे। इसमें खाद्य सुरक्षा में प्रति व्यक्ति 15 किलो या प्रति परिवार 50 किलो अनाज देने सहित कई मांगें कीं।
प्रांतीय आह्वान पर अखिल भारतीय मजदूर सभा के कार्यकर्ता बल्लभनगर स्थित भाकपा कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में छतरी चौराहा, गौहनिया चौराहा होते हुए नेहरू पार्क पहुंचकर धरना दिया। धरने को संबोधित करते हुए जिला संयोजक अलाउद्दीन शास्त्री ने कहा कि देश और प्रदेश में किसानों को उपज की सही कीमत नहीं मिल रही है। खाद बीज व डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं जिससे किसान घाटे में हैं। वहीं, किसानों की जमीनें बहुराष्ट्रीय कंपनियों को दी जा रही हैं। धरने को जिला सचिव देवाशीष राय, किशनलाल, जितेंद्र ने भी संबोधित किया। इसके बाद राष्ट्रपति, राज्यपाल व डीएम के नाम संबोधित एसडीएम को सौंपे। इसमें खाद्य सुरक्षा के तहत प्रति व्यक्ति पांच किलो अथवा प्रति परिवार 50 किलो अनाज, मनरेगा में वर्ष भर काम देकर मजदूरी 500 रुपये, किसानों का कर्ज माफ करने, अस्पतालों से भ्रष्टाचार समाप्त कराने सहित कई मांगें की गई हैं। जुलूस-धरना और ज्ञापन सौंपने वालों में देवीदयाल, नगीनरा, विजय प्रकाश, बाबूराम, गोपाल मिश्रा, सईदखां, नरेश जायसवाल, मोहम्मद उमर, कुलसूम बेगम, प्रह्लाद सहित कई लोग शामिल रहे।