अमरैया कलां। बेसिक शिक्षा विभाग ने कायाकल्प योजना के नाम पर लाखों का बजट तो खपा दिया मगर, स्कूलों की हालत में कोई तब्दीली नहीं आई। तीन दिन पहले हुई बरसात से गांव भवानीगंज, खाता के स्कूलों में जलभराव हो गया। शिक्षक और स्टाफ पानी से गुजरकर स्कूल आने को मजबूर हैं।
स्कूलों में कायाकल्प के नाम पर बुनियादी जरूरतों को दुरुस्त करने की बात कही गई मगर, हकीकत में ऐसा कुछ नजर नहीं आया। तमाम स्कूलों की हालत अब भी खराब हैं। मिट्टी का भराव न होने से भवानीगंज और खाता के प्राइमरी स्कूलों में बारिश की वजह से जलभराव हो गया। इसे लेकर अभिभावकों, बच्चों और स्कूल स्टाफ में रोष है। भवानीगंज प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज शिक्षक मोहम्मद सलमान ने बताया कि स्कूल के बाहर पानी का निकास न होने से मुख्य गेट से परिसर तक जलभराव बना रहता है। पिछले साल भी जलभराव की समस्या को लेकर गांव के लोगों ने अफसरों को शिकायती पत्र भेजा था। प्राथमिक स्कूल खाता की प्रधानाध्यापिका विजयलक्ष्मी श्रीवास्तव ने बताया कि स्कूल परिसर का स्तर गहरा होने से बरसात में हमेशा जलभराव की स्थिति बनी रहती है। ग्राम पंचायत अधिकारी को इस बारे में कई बार अवगत कराया गया, मगर किसी ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।