करवाचौथ बनाने आए थे घर
यूपी के पीलीभीत स्थित बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पुरनापुर निवासी वीरपाल (45) उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित एक निजी कंपनी में मजदूरी करते थे। वह 28 अक्तूबर को करवाचौथ मनाने के लिए घर आए थे। परिवार में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं। उनकी पत्नी कुंता देवी ने पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा था। बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे वीरपाल पत्नी का व्रत खुलवाने के लिए चांद देखने छत पर गए थे।
संतुलन बिगड़ने पर छत से गिरे वीरपाल
वीरपाल के पुत्र राहुल गंगवार ने बताया कि चांद देखने के दौरान वीरपाल छत के किनारे पहुंच गए। इसी बीच अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह मकान के पीछे की साइड जा गिरे। गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। राहुल और अन्य परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे तो वीरपाल अचेत अवस्था में पड़े थे। परिजन उन्हें निजी वाहन से तत्काल बरखेड़ा के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वीरपाल की शादी हो चुके थे 26 वर्ष
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की। वह अपने पीछे पत्नी कुंता देवी, पुत्र राहुल और पुत्री कामनी को छोड़ गए हैं। दंपती की शादी को करीब 26 वर्ष हो चुके थे। सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया हादसे की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की है। फिलहाल इस मामले में किसी प्रकार की कोई शिकायत पुलिस से नहीं की गई है।