फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: करणी सेना का मंडी समिति में विरोध-प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक

Sun, 13 Jul 2025 12:29 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। करणी सेना के जिलाध्यक्ष पर दरोगा के साथ मारपीट करने का मामला तूल पकड़ गया है। जमानत के बाद भी जिलाध्यक्ष और उसके परिजनों से अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाकर प्रदेशीय कार्यकारिणी के लोग शहर के मंडी समिति में एकत्र हुए और विरोध-प्रदर्शन किया। पुलिस लाइन का घेराव करने की सूचना पर तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस से पदाधिकारियों की नोकझोंक भी हुई। तीखी बहस के बीच आधे घंटे तक चली वार्तालाप के बाद सीओ सिटी ने पांच दिन में जांच कराकर मामले में ठोस कदम उठाने का आश्वासन देकर विरोध शांत कराया।
विज्ञापन

सुनगढ़ी थाने में तैनात एसआई कृष्णपाल सिंह की ओर से सुनगढ़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसमें कहा गया था कि 29 जून को जहानाबाद क्षेत्र से पीलीभीत लौटते समय टाइगर तिराहे के पास एक कार में सवार तीन युवकों ने उनकी कार को रोका और गाली गलौज कर अभद्रता करने लगे। मारपीट भी की। मामले में करणी सेना के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह को नामजद किया गया था। पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया था। पुलिस की पकड़ से बचकर जिलाध्यक्ष कोर्ट में पेश हुए थे। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह घर में रहने लगे। जमानत के बाद भी पुलिस पर जिलाध्यक्ष और उसके परिजनों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाकर करणी सेना की ओर से शनिवार को पुलिस लाइन का घेराव करने का ऐलान किया गया था।
इसको लेकर सुनगढ़ी और कोतवाली समेत तीन थानों की पुलिस मंडी समिति में पहुंच गई। दोपहर करीब दो बजे करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीपू के नेतृत्व में प्रदेशीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंडी पहुंचे। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस लाइन के लिए कूच करने से पहले ही सुनगढ़ी इंस्पेक्टर ने पदाधिकारियों से बातचीत करनी शुरू की। पदाधिकारी एसपी से मिलने की बात पर अड़ गए। इस दौरान नोकझोंक भी हुई। सूचना पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पदाधिकारियों से बातचीत की।
विज्ञापन

इस दौरान पदाधिकारियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। एक दरोगा पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाकर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर निलंबित करने की मांग शुरू की। तीखी बहसबाजी के बीच आधे घंटे तक चली बातचीत के बाद सीओ ने पांच दिन में जांच पूरी कर मामले में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसपर पदाधिकारी माने और एसपी के नाम लिखित मांग पत्र सीओ सिटी को सौंपा। कहा कि कार्रवाई न होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। विरोध के दौरान विनय प्रताप सिंह, शिखर पाल सिंह, अनिल चौहान व जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें